
देहरादून में नदी के टापू पर फंसे सात लोगों का SDRF और पुलिस ने किया सकुशल रेस्क्यू, देखें वीडियो
देहरादून, जन केसरी । तहसील सदर क्षेत्र अंतर्गत संतला देवी मंदिर के निकट नदी के बीच बने टापू पर सात लोगों के फंसने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी सिटी पुलिस कंट्रोल रूम को मिलते ही तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) को अवगत कराया गया, जिसके बाद एसडीआरएफ और कैंट थाना पुलिस की टीम को मौके पर रवाना किया गया।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के तहत एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी में फंसे सभी सात लोगों तक पहुंच बनाई। राहत एवं बचाव दल ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा मौसम और जलस्तर को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें। समय रहते सूचना मिलने और रेस्क्यू टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।



