उत्तराखण्डदेहरादून

भ्रष्टाचार की परतें खोलने वाले नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के तबादले बना चर्चा का विषय

फर्जी रसीद प्रकरण में कार्रवाई के बाद नगर निगम में विरोध की चर्चाएं हुई थी तेज

पूर्व संपत्ति कर अधिकारी समेत तीन कर्मचारियों पर हुई थी कार्रवाई

जन केसरी, रुड़की । नगर निगम में भ्रष्टाचार से जुड़े पुराने मामलों की परतें खोलने और फर्जी रसीद प्रकरण में सख्त कार्रवाई करने वाले नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के तबादले को लेकर अब कई तरह की चर्चाएं होने लगी है। नगर निगम में गुरुवार को उनके कार्यकाल के दौरान उजागर हुए मामलों और कार्रवाई को लेकर चर्चाएं होती रहीं। सवाल यह भी उठ रहा है कि कहीं भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई करने के कारण वह किसी विरोध का शिकार तो नहीं बने। क्योंकि मात्र पांच महीने में उनका यहां से ट्रांसफर हो गया है।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने नगर निगम में कार्यभार संभालने के बाद पुराने मामलों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए थे। इसी दौरान संपत्ति कर से जुड़ी फर्जी रसीदों का मामला सामने आया था। लंबे समय से चल रहे इस प्रकरण में उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए तत्कालीन संपत्ति कर अधिकारी मोहम्मद कय्यूम के अलावा निगम कर्मचारी सचिन और नितिन को निलंबित कर दिया था। फर्जी रसीदों के जरिए नगर निगम को हुए नुकसान और मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर भी भिजवाई थी। इस कार्रवाई के बाद निगम के भीतर एक वर्ग में नाराजगी की चर्चाएं सामने आती रही थीं। सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़ा एक कर्मचारी लंबे समय से उच्चाधिकारियों और एक जनप्रतिनिधि के संपर्क में भी था। हालांकि, इस कथित संपर्क और नगर आयुक्त के तबादले के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब गोपाल राम बिनवाल के स्थानांतरण के बाद नगर निगम में उनके कार्यकाल की कार्रवाई फिर चर्चा में है। शहरवासियों के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि फर्जी रसीद प्रकरण की जांच और कार्रवाई का आगे क्या होगा। नए नगर आयुक्त के सामने इस मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाना और निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना अहम चुनौती होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button