
कैंट बोर्ड के अधिकारी यशपाल सिंह पर मेहरबान क्यों? गंभीर आरोपों के बावजूद कार्रवाई पर सवाल
शिक्षिका ने यौन उत्पीड़न समेत लगाए हैं कई आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रही है जांच पड़ताल
देहरादून, जन केसरी । कैंट बोर्ड देहरादून के एक स्कूल की शिक्षिका की ओर से सहायक अध्यापक यशपाल सिंह पर यौन उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद भी विभागीय कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता ने कैंट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है, जबकि कैंट बोर्ड के अधिकारियों की ओर से अब तक संबंधित सहायक अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
शिक्षिका का आरोप है कि उसने मामले को लेकर पुलिस और कैंट बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत की है। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान है। पीड़िता लगातार अधिकारियों से न्याय की मांग कर रही है। मामले में आरोपों की गंभीरता को देखते हुए विभागीय कार्रवाई और जांच की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यशपाल सिंह फिलहाल अलग-अलग अस्पतालों से मेडिकल प्रमाणपत्र लेकर अवकाश पर चल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि गंभीर आरोपों के बीच कैंट बोर्ड की ओर से अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और मामले में संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।
इस प्रकरण की तुलना हाल ही में समर वैली स्कूल में सामने आए एक मामले से भी की जा रही है। उस मामले में स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। बाद में पुलिस ने भी कार्रवाई की थी। ऐसे में कैंट बोर्ड के स्कूल से जुड़े मामले में विभागीय कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।




