उत्तराखण्डराजनीति

यूजर चार्ज का जनहित में विरोध करें पार्षद, स्मार्ट मीटर पर जनता का करें सहयोग: राजेंद्र चौधरी

देहरादून / रुड़की, जन केसरी । कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने सिविल लाइंस स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर निगम के यूजर चार्ज, स्मार्ट मीटर और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पार्षदों की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामला केवल स्मार्ट मीटर तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के हितों से जुड़े कई मुद्दों पर पार्षदों को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

 

राजेंद्र चौधरी ने दावा किया कि बोर्ड बैठक से पहले एक पार्षद ने अन्य पार्षदों पर 11-11 हजार रुपये के लिफाफे लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस कार्यकर्ता यूजर चार्ज के विरोध में नगर आयुक्त से मिले थे, तब नगर आयुक्त ने बताया कि यूजर चार्ज बोर्ड बैठक में पारित किया गया था। ऐसे में पार्षदों को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने यूजर चार्ज का समर्थन किया था या विरोध।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश पार्षदों ने स्मार्ट मीटर का खुलकर विरोध नहीं किया और जनविरोधी निर्णयों पर चुप्पी साधे रहे। उन्होंने पार्षदों से अपने वार्डों में जाकर यह शपथ लेने की अपील की कि वे विकास कार्यों में किसी प्रकार का कमीशन नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पार्षद ईमानदार हैं तो उन्हें जनता के बीच जाकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

 

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी और जरूरत पड़ने पर कथित भ्रष्टाचारी पार्षदों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने पार्षदों से व्यक्तिगत विवादों से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों पर काम करने और यूजर चार्ज जैसे फैसलों का विरोध करने का आह्वान किया।

पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, अजय चौधरी, मदन पाल सिंह भडाना, जिला महामंत्री संजय गुड्डू, पूर्व पार्षद सुभाष चंद्र शर्मा, लवी त्यागी, ब्लॉक कांग्रेस नेता नीरज सैनी, मोनू त्यागी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button