
रुड़की से नैनीताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू, मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, यात्रियों को मिलेगी सीधी बस सेवा
रुड़की, जन केसरी । रुड़की रोडवेज डिपो को दो नई बीएस-6 बसों की सौगात मिली है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने रोडवेज बस अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों बसों का संचालन रुड़की से नैनीताल रूट पर किया जाएगा। इससे इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। रोडवेज बेड़े में नई बसें शामिल होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल महत्वपूर्ण पर्यटन और व्यावसायिक केंद्र है। इस रूट पर बस सेवा का विस्तार होने से आम जनता को लाभ मिलेगा। नई बसों के संचालन से रुड़की से नैनीताल जाने वाले यात्रियों को सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। अभी तक इस रूट पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को हरिद्वार या ऋषिकेश जाकर दूसरी बस पकड़नी पड़ती थी। आधुनिक बीएस-6 बसों से यात्रियों का सफर आरामदायक होने के साथ ही डिपो की परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के महाप्रबंधक (संचालन) प्रतीक जैन, पार्षद पंकज सतीजा, सरदार सतवीर सिंह, अनुराग त्यागी, आशुतोष सैनी, अवनीश शर्मा, कविश मित्तल और दीपक बत्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



