उत्तराखण्डदेहरादून

महिला मेयर अनीता देवी अग्रवाल के राज में महिलाएं टॉयलेट की सुविधा से महरूम, वादा भी नहीं हुआ पूरा

बाजार में पिंक टॉयलेट बनाने की घोषणा बनी चुनावी वादा

खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को उठानी पड़ रही परेशानी

जन केसरी, रुड़की। शहर की महिला मेयर होने के बावजूद बाजार आने वाली महिलाओं को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नगर निगम क्षेत्र के बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट और सार्वजनिक महिला शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। महिलाओं का आरोप है कि चुनाव के दौरान मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने बाजार में पिंक टॉयलेट बनवाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

शहर के मुख्य बाजारों में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी और अन्य कामों से पहुंचती हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी तब होती है, जब उन्हें शौचालय की जरूरत पड़ती है। बाजार में उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है। कई बार महिलाओं को अपनी खरीदारी बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि एक महिला मेयर होने के नाते अनीता देवी अग्रवाल महिलाओं की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझेंगी और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान कराएंगी। चुनाव के दौरान पिंक टॉयलेट बनाने का वादा भी इसी उम्मीद के साथ किया गया था। लेकिन अब तक धरातल पर कोई ऐसा कार्य दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे महिलाओं को राहत मिल सके।महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें बार-बार आश्वासन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि महिला जनप्रतिनिधि से उन्हें काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनकी समस्याओं को भी अनदेखा किया जा रहा है। महिलाओं ने नगर निगम और मेयर से बाजार में जल्द पिंक टॉयलेट तथा महिला शौचालयों की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बाजार आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button