
पीएम पोषण योजना घोटाला: कैंट बोर्ड की जांच में भी सही मिले आरोप, प्रधानाध्यापिका की बढ़ीं मुश्किलें
देहरादून, जन केसरी । राजधानी के कैंट जूनियर हाई स्कूल, प्रेमनगर में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजन योजना) में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में अब कैंट बोर्ड की जांच भी निर्णायक चरण में पहुंच गई है। शनिवार को कैंट बोर्ड द्वारा गठित जांच समिति ने स्कूल पहुंचकर प्रधानाध्यापिका ममता गुलेरिया से कई घंटे तक पूछताछ की और मामले से जुड़े अभिलेखों की जांच की।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान समिति को शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही मिले हैं। टीम अपनी जांच रिपोर्ट एक से दो दिन के भीतर कैंट बोर्ड को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद प्रधानाध्यापिका की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
गौरतलब है कि यह मामला शिकायतकर्ता लालमणि भारद्वाज की शिकायत के बाद सामने आया था। शिक्षा विभाग की तीन सदस्यीय तथा बाद में एक सदस्यीय जांच समिति पहले ही पीएम पोषण योजना में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि कर चुकी है। मामला वर्तमान में सीएम हेल्पलाइन और सीपी ग्राम्स पोर्टल पर भी लंबित है। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) प्रेमलाल भारती ने मामले में कार्रवाई में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए महानिदेशक (रक्षा संपदा) नई दिल्ली और सेंट्रल कमांड, लखनऊ को भी पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।




