
एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिले 25.40 लाख रुपये वापस
देहरादून, जन केसरी । उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने निवेश (इन्वेस्टमेंट) ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित के 25.40 लाख रुपये त्वरित कार्रवाई करते हुए वापस दिलाए हैं।
जानकारी के अनुसार पीड़ित से साइबर ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी धनराशि निवेश कराई थी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही एसटीएफ की साइबर टीम ने बिना देरी किए तकनीकी जांच शुरू की और संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की। टीम के प्रयासों से पीड़ित की 25.40 लाख रुपये की राशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, सीवीवी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि धनराशि दोगुनी करने, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन टिकट बुकिंग या अन्य आकर्षक ऑफरों के झांसे में आने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्रवाई को सफल बनाने में साइबर थाना के निरीक्षक शरद चौधरी, हेड कांस्टेबल हेम चंद्र मठपाल तथा कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसटीएफ ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की है।




