उत्तराखण्डसामाजिक

कांवड़ यात्रा-2026: सभी विभाग समय रहते पूरी करें तैयारियां, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता :  दीपक राम चंद्र सेट 

जन केसरी, देहरादून। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (देहात), तहसीलदार एवं अपर तहसीलदार रुड़की, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), एआरटीओ, एआरएम रोडवेज, रेलवे, जल संस्थान, जल निगम, नगर निगम रुड़की, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), यूपीसीएल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ पटरी पर की जा रही व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सड़क मरम्मत, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, जलापूर्ति, मोबाइल शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने-अपने नोडल अधिकारी नामित कर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा नियमित और संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर कमियों का समय रहते निराकरण सुनिश्चित करें।

बैठक में सभी विभागों ने कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button