
30 लाख रुपये के जमीन विवाद में युवक ने खुद को लगाई आग
भाई और साले से चल रहा था विवाद, बैठक में नोकझोंक के बाद उठाया कदम
लक्सर। करीब 30 लाख रुपये के जमीन संबंधी विवाद से परेशान एक युवक ने मंगलवार को लक्सर कोतवाली के गेट के पास खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां से उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी के अनुसार, कुआंखेड़ी निवासी नारायण उर्फ नीटू का अपने भाई और साले से करीब 30 लाख रुपये के जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि खानपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में स्थित जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद है। विवादित जमीन को लेकर एक पक्ष की ओर से स्टे भी लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले के समाधान के लिए दोनों पक्षों के बीच कई बार बैठक हो चुकी है, लेकिन विवाद का निस्तारण नहीं हो सका। सोमवार को भी अन्य लोगों की मौजूदगी में भाई, साले और युवक के बीच बैठक हुई थी। बताया गया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। युवक की ओर से आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान उसे कथित तौर पर कहा गया कि न तो उसे पैसा दिया जाएगा और न ही जमीन मिलेगी। बताया गया कि इस घटना के बाद युवक मानसिक रूप से परेशान था। मंगलवार को वह लक्सर कोतवाली पहुंचा और गेट के पास खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना से कोतवाली परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझाई और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर युवक ने खुद को आग लगाई। उन्होंने बताया कि युवक की ओर से इस संबंध में किसी थाने में तहरीर नहीं दी गई थी और न ही पुलिस से संपर्क किया गया था। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



