मसूरी-देहरादून हाईवे पर दर्दनाक हादसा

मसूरी: मसूरी देहरादून हाईवे पर रविवार दोपहर को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक रोडवेज बस खाई में गिर गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है, जिसमें से एक की उम्र करीब 55 वर्ष और दूसरी की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है। हादस में कई लोग घायल हुए हैं। कुछ को देहरादून भेजा गया है, वहीं कुछ का मसूरी के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश
जिलाधिकारी सोनिका दून अस्पताल पहुंचीं। जहां उन्होंने दो की मौत की पुष्टि की। वहीं उन्होंने मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि सात घायलों को मैक्स पताल ले जाया गया था। जिनमें से दो कि रास्ते में ही मौत हो गई। पांच का इलाज चल रहा है। इनमें से तीन बिल्कुल ठीक है और दो का सिटी स्कैन कराया जा रहा है। इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दो घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनकी हालत सामान्य बनी है। करीब 20 घायल मसूरी अस्पताल में बताए गए हैं। जिनमें से 14 को दून लाया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी दून अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। हादसा रविवार को दोपहर 12 बजे बाद हुआ। बस खाई में गिरने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मदद के लिए खाई में उतरे, लेकिन राहत-बचाव कार्य में उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।आइटीबीपी, एसडीआरएफ, फायर और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई से लोगों को निकाला। एसडीएम नंदन कुमार, आइटीबीपी डायरेक्टर पीएस डंगवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।