उत्तराखण्डदेहरादून

रुड़की से दिल्ली और मोदीनगर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी

रुड़की, जन केसरी । दिल्ली और मोदीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए सोमवार को बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुड़की रोडवेज बस अड्डे से दिल्ली और मोदीनगर के लिए इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन के लिए आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन विकल्प उपलब्ध हो गया है।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि निजी क्षेत्र की इन इलेक्ट्रिक बसों का रुड़की से मोदीनगर और दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो बसों का संचालन किया जाएगा। बसें रुड़की रोडवेज बस अड्डे से निर्धारित समय पर रवाना होंगी। उन्होंने कहा कि सेवा शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक होगा। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसें वातानुकूलित हैं और इनमें सीसीटीवी कैमरों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे यात्रियों को आरामदायक सफर के साथ बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

रुड़की से दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने पर स्थानीय लोगों और नियमित रूप से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों में उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से बेहतर परिवहन विकल्प की मांग कर रहे यात्रियों ने इसे महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर एआरटीओ जितेंद्र कुमार, परिवहन प्राधिकरण सदस्य संजय अरोड़ा, हरदीप सिंह, विशाल वर्मा, संजीव तोमर सहित परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button