
दिल्ली रोड पर पिज्जा हट संचालक पर सरेराह फायरिंग
रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड पर सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक पिज्जा हट संचालक पर सरेराह फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरातफरी मच गई, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक धनौरी/धनडेरा क्षेत्र के अशोकनगर का निवासी है और दिल्ली रोड स्थित पिज्जा हट का संचालन करता है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फरार बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और पिज्जा हट संचालक पर फायरिंग करने के बाद तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।




