उत्तराखण्डक्राइम

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार किशोरों की मौत

हरिद्वार, जन केसरी। यात्रा के दौरान हरिद्वार में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए चार किशोरों की ज्वालापुर क्षेत्र स्थित गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, चारों किशोर गंगनहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे नहर में बने एक गहरे गड्ढे में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते चारों पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान जल पुलिस ने तीन किशोरों को नहर से बाहर निकाला, जबकि चौथे को एसडीआरएफ की टीम ने बाहर निकाला। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही उनके साथ आए अन्य कांवड़िये और साथी अस्पताल पहुंच गए। साथियों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मृतकों की पहचान भारत (16) पुत्र हरीश, शिवांश (16) पुत्र पवन, अमित (16) तथा नीतीश (17), सभी निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। चारों कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार आए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button