दिल्ली-NCR और उत्तराखंड में आज आ सकता है तूफान, चेतावनी जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी ) ने चेतावनी दी कि दिल्ली, हरियाणा, वेस्ट यूपी और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में आज तूफान आ सकता है। वहीं, राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी चल सकती है। उत्तराखंड में आज शाम तक तूफान और ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे गढ़वाल और कुमाऊं के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। यहां तूफान आने की आशंका है। इतना ही नहीं तूफान के साथ-साथ आज शाम तक ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम 42.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार देर रात को मौसम में बदलाव की संभावना है जो रविवार को भी जारी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
आज (रविवार) से शुरू हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदलेगा। इसकी वजह से पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तूफान आने की संभावना है। इसका उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी असर पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर से उत्पन्न होता है, जिससे देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अचानक बारिश होती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली , पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ , बिहार , तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और केरल के दूर-दराज क्षेत्रों में तूफान और तेज आंधी आने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और राजस्थान के एक या दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।