
साढ़े चार लाख रुपये लेकर स्कूल पहुंचा आठवीं का छात्र, दोस्तों में बांटे
रुड़की, जन केसरी। खंजरपुर क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा आठ के छात्र द्वारा घर की अलमारी से साढ़े चार लाख रुपये निकालकर स्कूल ले जाने और अपने साथियों में बांटने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी छात्र के माता-पिता को तब हुई, जब उन्हें अलमारी में रखी रकम नहीं मिली। घर में तलाश करने के बाद परिजनों ने छात्र से पूछताछ की तो उसने रुपये स्कूल ले जाकर साथियों में बांटने की बात बताई। परिजनों के अनुसार, छात्र ने अलमारी से साढ़े चार लाख रुपये निकाले और उन्हें बैग में रखकर स्कूल ले गया। स्कूल पहुंचने के बाद उसने कक्षा के कई साथियों को रुपये बांट दिए। जानकारी मिलने पर परिजनों ने स्कूल के प्रधानाचार्य को मामले से अवगत कराया। इसके बाद प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने छात्रों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में कुछ छात्रों ने पहले रुपये मिलने से इनकार किया, लेकिन शिक्षकों द्वारा दोबारा पूछताछ करने पर कई छात्रों ने स्वीकार किया कि उन्हें छात्र ने रुपये दिए थे। स्कूल प्रबंधन अब छात्रों से मिली रकम और उसके इस्तेमाल की जानकारी जुटा रहा है।
एक छात्र ने खरीदा आईफोन
रुपये पाने वाले छात्रों में से एक ने रकम मिलने के बाद आईफोन खरीद लिया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि रुपये मिलने के बाद वह शाम के समय मोबाइल की दुकान पर गया और आईफोन खरीद लिया। स्कूल प्रबंधन ने छात्र से आईफोन मंगवाया है। उसके अभिभावकों को भी स्कूल बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों ने मिली रकम खर्च कर दी, जबकि कई छात्रों ने रुपये वापस कर दिए हैं। हालांकि, अभी काफी रकम वापस नहीं मिली है। परिजन और स्कूल प्रबंधन यह पता लगाने में जुटे हैं कि किन-किन छात्रों को कितनी रकम दी गई और उसका किस तरह इस्तेमाल किया गया। मामला सामने आने के बाद स्कूल और आसपास के क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्कूल की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।




