
रुड़की में सैन्य अधिकारी के घर से सटी दीवार तोड़ने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
जन केसरी, रुड़की। सिविल लाइंस क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के घर से सटी दशकों पुरानी दीवार को कथित रूप से अवैध तरीके से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिकारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित पड़ोसी के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त दीवार का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
सिविल लाइंस कोतवाली में दी गई शिकायत में सेवानिवृत्त कर्नल संदीप सुधीर ने बताया कि उनकी पत्नी भारतीय नौसेना में कमांडर पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में मुंबई में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनके मकान के पास लगभग 12 फीट चौड़ी एक निजी गली है, जो पिछले 50 वर्षों से बंद है। वर्ष 1989 के राजस्व अभिलेखों तथा संपत्ति की रजिस्ट्री में भी इस गली को निजी और बंद मार्ग के रूप में दर्ज किया गया है।
कर्नल संदीप सुधीर का आरोप है कि पड़ोसी व्यक्ति का मुख्य आवागमन मार्ग दूसरी ओर से है, लेकिन वह लंबे समय से इस बंद गली को खोलने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी कई बार दीवार को तोड़ने की धमकी दे चुका था। शनिवार को उसने कथित रूप से बलपूर्वक और अवैध तरीके से दीवार को ध्वस्त कर दिया।
पीड़ित ने अपने दावों के समर्थन में राजस्व मानचित्र और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की प्रतियां भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। साथ ही आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा नियमों के विपरीत भवन निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
मामले की शिकायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को भी लिखित रूप से दी गई है। कर्नल संदीप सुधीर ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




