
प्रदेश का सबसे पुराना थ्री स्टार होटल व रुड़की का चर्चित पोलरिस होटल बारह साल बाद खुला
जन केसरी, रुड़की । प्रदेश के सबसे पुराने थ्री स्टार होटलों में शुमार रुड़की का चर्चित पोलरिस होटल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। लंबे समय से सील पड़े इस होटल को अब जिला प्रशासन की टीम ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद डी-सील कर होटल स्वामी को सौंप दिया है। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौजूद रही।
रुड़की में पोलरिस होटल का नाम कभी शान और पहचान के रूप में लिया जाता था। शहर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड में यह होटल अपनी अलग पहचान रखता था। होटल स्वामी का दावा है कि यह होटल करीब 50 वर्ष पुराना है और अपने समय में प्रदेश के प्रमुख थ्री स्टार होटलों में गिना जाता था। यहां कई बड़े कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन और बाहर से आने वाले मेहमानों का ठहराव हुआ करता था।
हालांकि पिछले कई वर्षों से होटल किसी विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई के चलते सील पड़ा हुआ था। लंबे समय तक बंद रहने के कारण होटल परिसर पूरी तरह वीरान हो गया। वर्तमान में होटल के अंदर और आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जबकि भवन का काफी हिस्सा भी जर्जर हालत में दिखाई दे रहा है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए होटल की सील खोल दी। इसके बाद होटल को दोबारा होटल स्वामी के सुपुर्द कर दिया गया।
होटल के दोबारा खुलने की खबर से शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि होटल का दोबारा संचालन शुरू होता है तो इससे रुड़की की पुरानी पहचान को भी नई जिंदगी मिल सकती है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर सील को खोल दिया गया है।

करीब 12 साल पहले होटल पर लगा था ताला
इस होटल में काम करने वाले श्रमिकों के अनुसार इस होटल पर श्रमिकों के भुगतान के विवाद के कारण करीब 12 साल पहले ताला लगा था। उसके बाद से दोनों पक्ष के लोग कोर्ट में लड़ाई लड़ रहे थे। बाद में श्रमिकों को पैसे देने को लेकर आपसी समझौते के बाद कोर्ट केआदेश पर रुड़की प्रशासन ने गुरुवार को होटल का सील खोल दिया है।




