उत्तराखण्डदेहरादून

एआरटीओ रुड़की कार्यालय और नारसन ग्रीन कार्ड सेंटर का संभागीय परिवहन अधिकारी ने किया निरीक्षण

जन केसरी, देहरादून। संभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून संदीप सैनी ने सोमवार को एआरटीओ कार्यालय रुड़की, निर्माणाधीन कार्यालय भवन एवं नारसन चेकपोस्ट स्थित ग्रीन कार्ड सेंटर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं, जनसुविधाओं और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के पहले चरण में उन्होंने एआरटीओ कार्यालय रुड़की के पुराने भवन का निरीक्षण करते हुए लंबे समय से खड़े बंद प्रकरणों से संबंधित वाहनों को हटाने अथवा उनकी नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न पटल पंजिकाओं और अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें अद्यतन रखने को कहा। अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक में उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करने पर जोर दिया।

दूसरे चरण में निर्माणाधीन कार्यालय भवन और एप्रोच रोड का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण ऐसा हो जिससे यातायात सुरक्षित और सुगम बना रहे तथा जाम की समस्या उत्पन्न न हो। इस दौरान प्रस्तावित “परिवहन थाना” के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद नारसन चेकपोस्ट स्थित ग्रीन कार्ड सेंटर का निरीक्षण करते हुए यात्रियों और वाहन चालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी कार्य सरलता व पारदर्शिता के साथ किए जाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button