उत्तराखण्ड

वाहन में पत्थर गिरने से तीन की मौत

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश आफत बन गई है। चमोली के घाट क्षेत्र में बादल फटने से कई घरों में मलबा घुस गया। वहीं, मसूरी के निकट वाहन में बोल्डर गिरने से दो सगे भाइयों के साथ तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। देहरादून के सहस्त्रधारा और क्लेमटाउन क्षेत्र में एक महिला सहित दो लोग नदी में बह गए। इनमें युवक का शव बरामद कर लिया गया है।

गढ़वाल और कुमाऊं में संपर्क मार्ग बंद होने का सिलसिला जारी है। वहीं बारिश के चलते केदारनाथ यात्रियों को सोनप्रयाग व गौरीकुंड में रोक दिया गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं। इससे तटवर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। देहरादून में आपदा प्रबंधन केंद्र ने रिस्पना-बिंदाल सहित जनपद में नदी-नालों के किनारे बसे लोगों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। सभी एसडीएम और सिंचाई विभाग को अलर्ट रहने की सूचना देने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुबह करीब साढ़े छह बजे मसूरी से देहरादून आ  रहे पिकअप वाहन पर चिलढांग के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर गिरने लगे। इससी चपेट में आने से वाहन में सवार मनोज पुण्डीर (33) व उसके भाई विक्रम सिंह (27) पुत्र तिलक सिंह निवासी रिखोली, हाथी पांव मसूरी, सुरेश पाल (36) पुत्र मदन सिंह की मौत हो गई। एक अन्य युवक सुखपाल सिंह (30) निवासी रिखोली को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने बताया है कि घायल सुखपाल खतरे से बाहर है।

सूचना पर मसूरी विधायक गणेश जोशी मैक्स अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन को दुर्घटना में घायल सुखपाल के बेहतर इलाज को कहा। विधायक जोशी ने तीनों मृतकों के परिवार से भी भेंट कर उनका इस दुख की घड़ी में हरसम्भव सहायता करने का आश्वासन दिया। साथ ही उपजिलाधिकारी देहरादून को निर्देशित किया कि मृतको के परिवार को सहायता दी जाए।

वही, देहरादून में  रिस्पना नदी में सोमवार रात एक युवक बह गया। उसका शव मंगलवार को क्लेमेनटाउन क्षेत्र में बरामद कर लिया गया। युवक की पहचान अक्षय पुत्र गौरव निवासी ओल्ड डालनवाला के रूप में हुई है।

नहर में बही महिला, घरों में घुसा पानी 

देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के निकट की बस्ती में एक महिला के नहर में बहने की सुचना है। वहीं इलाके में कई जगह जलभराव होने से कई घरों को खाली करा दिया गया है। पुलिस लोगो को लाऊड स्पीकर से सचेत करने में जुटी है।

देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में भी नदी का पानी आस पास की बस्ती में घुसने से लोग घरों से बाहर आ गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगो को सतर्क किया।

बादल फटा, बहे खेत  

चमोली जिले से हो रही भारी बारिश के चलते घाट क्षेत्र के धुर्मा कुंडी गांव में बादल फटने से कई  घरों में मलबा घुस गया। इस दौरान कृषि भूमि भी बह गई। मंडल घाटी में खेत बहने की सूचना है। चमोली के 15 संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। फिलहाल बदरीनाथ व हेमकुंड यात्रा सुचारु है।

घाट क्षेत्र में बारिश के दौरान घाट-भेटी मोटरमार्ग पर एक मैक्स वाहन मलबे की चपेट में आ गया। चालक ने किसी तरह भागकर जान बचाई।

उत्तरकाशी जिले में रात से हल्की बारिश हो रही है। फिलहाल गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर यातायात सुचारु है। रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर केदारनाथ यात्रियों को सोनप्रयाग व गौरीकुंड में सुरक्षा के लिहाज से रोक दिया गया। मंदाकिनी व अलकनंदा नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है।

मसूरी में छाया कोहरा 

मसूरी में आसमान में घने काले बादलों के साथ ही कोहरा छाया हुआ है। कोहरे से दृश्यता मात्र 15 से 20 फीट तक रह गई है। यमुनोत्री नेशनल हाईवे सोमवार शाम छह बजे से अगलाड़ पुल और खरसोन क्यारी के बीच बंद पड़ा है। मसूरी-चकराता हाईवे भी पूरी रात बंद रहने के बाद सुबह खोल दिया गया। कोटद्वार में पौखाल-नालिखल-नाथुखल मार्ग बंद हो गया।

रात में बजा सायरन 

बागेश्वर में नदियों के अचानक जलस्तर बढ़ने से हाई एलर्ट कर दिया गया है। लोगो को सतर्क रहने के लिए साइरन भी बजाया गया है। आईआरएस सिस्टम को एक्टिव कर दिया गया है।

जिले में भारी बारिश से सरयू और गोमती नदी का जल स्तर बढ़ गया है। सभी अधिकारी आपदा कंट्रोल रूम में डेरा जमाए हुए हैं। बागेश्वर जिले की 10 सड़कें बंद पड़ी हैं।

स्कूलों में छुट्टी 

बारिश के अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी नैनीताल ने आज व कल दो दिन के लिए स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। देर रात जारी छुट्टी के आदेश के चलते सुबह कुछ अभिभावक बच्चों को स्कूल छोड़ने भी निकले।

पिथौरागढ़ में भारी बारिश के चलते पिथौरगढ़-थल मार्ग मुवानी के पास मलबा आने से बंद है। वहीँ सेराघाट-धारचूला मार्ग सेराघाट के निकट मलबा आने से 2 जगह बंद है। इसी मार्ग से कैलास मानसरोवर का 8वां दल आएगा। वहीँ भारी बारिश के चलते लुमति और घुरुड़ी में गोरी नदी पर लगी ट्रॉली में  मलबा आने से ट्रॉली खतरे में आ गई है। वहीँ जिले के कई मार्ग बंद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button