रुड़की नगर निगम कई वर्षों से उपेक्षा का शिकार है: गणेश गोदियाल

रुड़की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल निकाय चुनाव को धार देने तथा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए शनिवार को रुड़की बीटीगंज (सुभाषगंज) स्थित चुनाव कार्यालय पहुंचे। जहां पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार ढंग से स्वागत किया।
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का पूर्ण अधिकार है। रुड़की नगर निगम से मेयर का टिकट पार्टी ने एक ऐसे शिक्षित तथा पुराने कांग्रेसी खानदान को दिया है,जो पार्टी के प्रति सदैव समर्पित व निष्ठावान रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगातार दो बार पार्टी से विद्रोह कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे व्यक्ति को टिकट दिए। लेकिन अब जब पार्टी ने एक समर्पित महिला को टिकट दिया तो उनका ये कहना कि धनबल के आधार पर टिकट दिया गया जो कि बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी रुडकी में मेयर का चुनाव बहुत मजबूती से लड़ रही है। सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता समर्पित रूप से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास को प्राथमिकता देती है और रुड़की नगर निगम कई वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। विकास नाम की यहां कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की प्रत्याशी पूजा गुप्ता यदि नगर निगम का चुनाव जीतती है तो रुड़की नगर निगम क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। देर शाम गणेश गोदियाल कांग्रेस मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता के साथ अलग अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क भी किया। इस अवसर पर महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट, प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता, राजकुमार सैनी, नरेश प्रिंस, हाजी नौशाद अहमद, शमशाद चेयरमैन, सुभाष सैनी व मीर हसन प्रधान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।