शिकायतकर्ता को लेकर कैंट बोर्ड पहुंची सीबीआई की टीम
देहरादून। शिकायतकर्ता वेद गुप्ता के साथ सीबीआई की टीम गुरुवार को फिर से कैंट बोर्ड कार्यालय में दस्तक दी। सीबीआई की दस्तक के साथ ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सभी अपने अपने केबिन में बैठकर काम करते हुए नजर आये। इधर, सीबीआई की टीम शिकायतकर्ता के साथ सीईओ अभिनव सिंह के कक्ष में पहुंची और काफी देर तक उनसे पूछताछ व बातचीत की।
एक सप्ताह पहले सीबीआई की टीम ने कैंट बोर्ड कार्यालय देहरादून में छापेमारी की थी। इस दौरान सीबीआई की टीम ने कैंट बोर्ड के टैक्स अनुभाग में कार्यरत बाबू रमन अग्रवाल व कार्यालय अधीक्षक शैलेंद्र शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद टीम ने इन दोनों आरोपियों को तीन दिन के लिए रिमांड पर लेते हुए कई अहम सुराग जुटाये। तत्कालीन सीईओ तनु जैन के कार्यकाल में भी कई ऐसे कार्य हुए हैं जिनमें सीबीआई टीम को भ्रष्टाचार का अंदेशा है। इसमें कैंट अस्पताल व मोबाइल टॉवर तथा कुछ जमीन के नक्शे पास करना प्रमुख है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को सीबीआई की टीम कैंट सीईओ अभिनव सिंह के कक्ष में करीब आधे घंटे तक रही। टीम ने दोनों आरोपियों के रिकॉर्ड भी मांगें हैं। ताकि ये पता चल सके कि दोनों कैंट बोर्ड में भर्ती कब हुए और कब कब दोनों का प्रमोशन हुआ। इसके आधार पर दोनों की संपत्तियों की जांच होगी। इस पूरे प्रकरण में कुछ और लोगों की संलिप्ता का सीबीआई को अंदेशा है। इसलिए वे इसकी गहराई से जांच पड़ताल कर रही है।
शुक्रवार को है बोर्ड बैठक
कैंट बोर्ड द्वारा शुक्रवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा दोनों कर्मचारियों को सस्पेंड करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। क्योंकि दोनों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। इसके अलावा कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। जानकारी के अनुसार बोर्ड बैठक सिर्फ कर्मचारियों को सस्पेंड करने के लिए ही रखी गई है। हालांकि दोनों कर्मचारी स्वत: ही 48 घंटे बाद निलंबित हो गए थे।