क्राइमदेहरादून

प्रेमनगर में ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या

देहरादून, जन केसरी । प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया के शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी लल्लन शर्मा के साथ मिलकर हत्या की थी। दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर को जंगल की खाई में मदन मुखिया का शव मिला था। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। मामले में मकान मालिक की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मजदूरों के सत्यापन और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस लल्लन शर्मा तक पहुंची। पूछताछ में लल्लन ने पुलिस को बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से उसका मदन की पत्नी मीना के साथ प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले मदन ने लल्लन का फोन चेक किया, जिसमें उसे पत्नी और लल्लन की फोटो व वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी लोगों को देने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार इसी डर से दोनों ने मदन की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत मीना शराब पिलाने के बहाने मदन को मांडूवाला के जंगल में ले गई। वहां शराब पिलाने के बाद लल्लन और मीना ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया।

पुलिस ने मामले में लल्लन शर्मा (23) निवासी सहरसा, बिहार और मीना देवी (30) पत्नी मदन को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गिरीश नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी प्रद्युम्न सिंह नेगी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button