कैंट बोर्ड रुड़की के नवनियुक्त सीईओ दिग्विजय सिंह ने चार्ज लेने के साथ ही यह क्या कर दिया, कैंट बोर्ड के स्टाफ भी हो गए हैरान

रुड़की, जन केसरी । कैंट बोर्ड रुड़की के नवनियुक्त सीईओ दिग्विजय सिंह ने कार्यभार संभालने के साथ ही बुधवार को एक्शन मोड में दिखे। कार्यालय पहुंचने के साथ वह सीधे कैंट अस्पताल पहुंच गए। यह देखकर वहां के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सीईओ ने यहां तमाम रिकॉर्ड व दस्तावेज का निरीक्षण करने के बाद कैंट स्कूल पहुंचे। यहां शिक्षकों व बच्चों से बातचीत के बाद तमाम व्यवस्थाओं को परखा। यह देखकर कैंट बोर्ड के स्टाफ भी हैरान हो गए। पूरे दिन हड़कंप मचा रहा।
कैंट अस्पताल पहुंचे नवनियुक्त सीईओ दिग्विजय सिंह ने मरीजों के रजिस्ट्रेशन का रजिस्टर चेक किया। इसके बाद आयुर्वेदिक कक्ष, दंत विभाग, फिजियोथैरिपी सेंटर, सार्वजनिक शौचालय आदि का निरीक्षण किया। अलग अलग कक्षों में रखे रजिस्टर एवं रिकॉर्ड के बारे में कर्मचारियों से पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल में तमाम सुविधाएं हैं लेकिन मरीजों की संख्या कम है। उन्होंने समस्त स्टॉफ से समय से अस्पताल पहुंचने और मरीजों का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीईओ ने कैंट स्कूल का निरीक्षण किया। यहां पर भी कुछ खामियां मिली। उन्होंने तत्काल प्रभाव से व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए।
फाइल दबाई तो होगी कार्रवाई
कैंट सीईओ ने अपने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता ही जनता की समस्या को दूर करना है। कहा कि कैंट स्टॉफ बेवजह किसी पीड़ित को परेशान किया या फाइल को दबाकर रखा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए सीईओ ने कहा कि चिकित्सा और शिक्षा पर उनका विशेष फोकस रहेगा। इन दोनों सेक्टर में और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। कहा कि क्षेत्र में अतिक्रमण बर्दास्त नहीं की जाएगी।