
भरी गैस सिलेंडर तक ले उड़े चोर: रुड़की में बंद घर को बनाया निशाना, लाखों की चोरी
आदित्य चौधरी
जन केसरी, रुड़की। ढंडेरा निवासी रविंद्र चौहान के घर में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि सुनकर हर कोई हैरान रह गया। मंगलवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने रात के समय वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह पड़ोसी ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर का दरवाजा खुला पड़ा है। सूचना मिलते ही रविंद्र चौहान ने परिजनों को मौके पर भेजा। घर के अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी व रसोई का सारा सामान खंगाला गया था।पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 80 हजार रुपये की नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान सहित लाखों रुपये का माल समेट ले गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर घर में रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर, दो महीने का राशन, बिस्तर और पहनने के कपड़े तक उठा ले गए। इस अनोखी चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर प्रदीप बिस्ट ने कहा की मामले की जांच की जा रही हैं।




