देहरादून

नगर निगम का कमाल, कूड़ाघर में संडे बाजार

देहरादून। जनकेसरी
देहरादून नगर निगम के कारनामे देखिए। जहां दो मिनट खड़े रहना भी मुश्किल होता है, वहां संडे मार्केट के लिए जगह आवंटित कर दी। चिह्नित जगह की गंदगी देख व्यापारी दंग रह गए। गुस्साए व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
देहरादून के साप्ताहिक संडे मार्केट के मामले में हाईकोर्ट ने नगर निगम को हरिद्वार बाईपास रोड पर जगह देने के आदेश दिए थे। साप्ताहिक रविवार बाजार कल्याण समिति अध्यक्ष हीरा लाल के नेतृत्व में व्यापारी रविवार को तय जगह पर एकत्र हुए। हीरा लाल ने कहा कि एक तरफ कूड़े का ढेर लगा है। वाहनों से कूड़ा डंप किया जा रहा। बदबू के मारे बुरा हाल है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। समिति के सचिव आशोक कुमार ने कहा कि कूड़ा हटाकर और साफकर साप्ताहिक बाजार के लिए जगह दी जानी थी, लेकिन अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। विरोध करने वालों में सुरेशा, विनोद कुमार, बृजेशा, बनबसी लाल, राम भरोसे, बच्चन लाल आदि मौजूद रहे। बता दें कि 2004 से तिब्बती मार्केट के सामने संडे बाजार लगता था। फड़ लगाने वालों से नगर निगम 300 रुपये तह बाजारी शुल्क लेता था। अतिक्रमण हटाओ अभियान में इन्हें हटा दिया गया। तब से नगर निगम इन्हें शहर में जगह उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।

रेंजर्स ग्राउंड में बाहरियों को जगह देने का आरोप
देहरादून। संडे मार्केट के विस्थापितों का आरोप है कि नगर निगम और प्रशासन एक ओर संडे मार्केट के मूल विस्थापितों को जगह उपलब्ध नहीं करा पा रहा है, वहीं बाहर से आकर कारोबार करने आने वाले लोगों को रेंजर्स ग्राउंड में संडे मार्केट के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि बाहर के व्यापारियों को शहर में प्राइम लोकेशन दी जा सकती है तो स्थानीय व्यापारियों को क्यों परेशान किया जा रहा है। कई व्यापारियों का काम ठप है। घर खर्च और बच्चों की फीस नहीं भर पा रहे हैं।

नगर निगम की ओर से संडे बाजार लगाने के लिए व्यापारियों को पांच विकल्प दिए गए थे। उन्होंने जो जगह चुनी, वह उन्हें उपलब्ध करवा दी गई है। कारगी में कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर कूड़ा एकत्रित होने की वजह से कोई दिक्कत हुई होगी तो इस समस्या को हल करवाया जाएगा।
अभिषेक रूहेला, नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button