दिल्ली सहित इन राज्यों में आज से बढ़ेगा तापमान

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दो दिन पहले शुरू हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने लगा है। अब सूरज की तेज चमक पसीना निकाल देगी। रविवार से गर्मी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 41 जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। लू भी परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आसमान तो साफ रहेगा, लेकिन 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। अप्रैल के अंतिम दिनों में तापमान रिकार्ड 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ चुका है। अरब सागर से नमी मिलने का सिलसिला भी थम गया है। इस वजह से बादल भी छंट गए हैं। दिल्ली, गुजरात, राजस्थान में भी तापमान बढ़ने लगा है। इस वजह से मप्र में भी गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान लू की चपेट में आने वाले हैं। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर में जहां बारिश होगी, वहीं गुजरात में लू का प्रकोप रहेगा। इसके उलट विदर्भ और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के हालात बने रहेंगे। दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में भी ओलावृष्टि की आशंका है।
यूपी में 45 डिग्री के पार तक जाएगा पारा
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव लगभग खत्म हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तापमान अब फिर से 45 डिग्री के पार तक जाएगा। बुंदेलखंड क्षेत्र में झांसी सबसे ज्यादा गर्म होगा। वहीं वाराणसी और आगरा का तापमान भी सबसे ज्यादा दर्ज किया जा सकता है। वहीं वाराणसी, अयोध्या और झांसी में पारा 45 के पार जाने के संकेत हैं।
बिहार में हीट वेव का खतरा
बिहार में बारिश के बाद अचानक से बदला हवा का रुख खतरा लेकर आया है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी से पश्चिमी हुई हवा हीट वेव का खतरा बढ़ा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान आने वाले 5 दिनों तक हीट वेव के खतरे को लेकर है। शनिवार की सुबह तक बारिश का माहौल बना रहा लेकिन अचानक से मौसम में गर्मी आ गई है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस डेहरी में दर्ज किया गया।
इन राज्यों में आज बारिश की संभावना
स्काईमेट वेदर के मुताबिक छत्तीसगढ़ और असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में मध्यम हवाओं के साथ बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी एक या दो जगहों पर हल्की बारिश संभव है।