महामंडलेश्वर स्वामी नरसिंहानंद गिरि को नारसन बॉर्डर से लौटाया गया

महामंडलेश्वर स्वामी नरसिंहानंद गिरि को नारसन बॉर्डर से लौटाया गया
रुड़की। गाजियाबाद स्थित डासना देवी मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी नरसिंहानंद गिरि को पुलिस प्रशासन ने नारसन बॉर्डर पर रोककर वापस भेज दिया। स्वामी नरसिंहानंद गिरि हरिद्वार में गंगा घाट हर की पैड़ी पर सनातन धर्म रक्षा के समर्थन में एक दिन का उपवास रखने के लिए जा रहे थे। उनकी प्रस्तावित यात्रा की सूचना मिलने पर पुलिस पहले से सतर्क रही और बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
बताया गया कि जैसे ही स्वामी नरसिंहानंद गिरि अपने समर्थकों के साथ नारसन बॉर्डर पहुंचे, वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है, इसी कारण उन्हें हरिद्वार जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अधिकारियों ने समझाइश के बाद उन्हें वापस गाजियाबाद की ओर लौटा दिया।
इस कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए बॉर्डर क्षेत्र में हलचल रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। वहीं, स्वामी नरसिंहानंद गिरि के समर्थकों के बीच इस निर्णय को लेकर चर्चाएं होती रहीं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की शांति भंग की स्थिति से बचने के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है और जनसुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




