उत्तर प्रदेशउत्तराखण्डक्राइम

डंपर ने बाइक सवार दंपति को कुचला, 4 साल के बच्चे समेत बाप और गर्भवती मां की मौत

डंपर की टक्कर से कपड़ा विक्रेता परिवार का सफाया, मौके पर तीन की मौत

झबरेड़ा, जन केसरी। कुरुक्षेत्र–सहारनपुर मार्ग पर पांसरा रेल फाटक के पास मंगलवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार कपड़ा विक्रेता, उसकी पत्नी और चार वर्षीय बेटे को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मृतक परिवार के परिजनों में कोहराम छा गया।

जानकारी के अनुसार मृतक परिवार उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र का रहने वाला था। मृतकों में सचिन (29), उसकी पत्नी नेहा (27) और उनका चार साल का बेटा नोनू निवासी बंजारन मोहल्ला झबरेड़ा शामिल हैं। सचिन यमुनानगर में चिट्टा मंदिर के पास किराये के मकान में रहकर कपड़ों का कारोबार करता था। मंगलवार को वह पत्नी और बेटे के साथ बाइक से यमुनानगर से अपने घर झबरेड़ा लौट रहा था।

पुलिस के मुताबिक जैसे ही उनकी बाइक पांसरा रेल फाटक के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज गति के डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक ने रुकने के बजाय तीनों को कुचलते हुए वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। डॉक्टरों ने बताया कि मृतका नेहा पांच माह की गर्भवती थी, जिससे हादसे की पीड़ा और भी बढ़ गई। बताया गया कि इस परिवार की एक बेटी और है, जो वर्तमान में हरिद्वार में अपनी दादी के पास रहती है।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन यमुनानगर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button