नामांतरण की फाइलों को खंगालते रहे नगर निगम के अधिकारी

रुड़की। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मंगलवार को भी नामांतरण संबंधी फाइलों को खंगालने में व्यस्त रहे। अभी तक अभी तक डेढ़ हजार पत्रावलियां मिल चुकी हैं। उनको व्यवस्थित कर रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी के आदेश पर कार्यालय अधीक्षक कक्ष में अलमारी को सोमवार को वीडियोग्राफी कराकर खोला गया था। इसमें नामांतरण से संबंधी कई महत्वपूर्ण फाइलें रखी हुई हैं। पहले दिन सुबह से शाम तक सहायक नगर आयुक्त शिवानी सालार, वरिष्ठ कर निर्धारण अधिकारी एसपी गुप्ता, कर अधीक्षक गिरीश सेमवाल समेत अन्य तीन कर्मचारी इन फाइलों को निकालने एवं कम्प्यूटर में रिकॉर्ड दर्ज करने में जुटे रहे।
दूसरे दिन भी समस्त स्टॉफ नामांतरण की फाइलों को खंगालने में पूरे दिन व्यस्त रहे। करीब पांच माह पूर्व संपत्ति अधिकारी मोहम्मद कय्यूम से यह जिम्मेदारी वापस ली गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद उन्होंने कई महत्वपूर्ण फाइलें वर्तमान संपत्ति अधिकारी शिव कुमार को नहीं सौंपी। इस कारण लोगों के काम रुक गए थे। कई लोग निगम का चक्कर काट रहे थे।
इसके बाद मुख्य नगर आयुक्त के आदेश पर सोमवार को नामांतरण संबंधी फाइलों वाली अलमारी को खुलवाया गया। वरिष्ठ कर निर्धारण अधिकारी एसपी गुप्ता ने कहा कि अलमारी से निकाली जा रही सभी फाइलों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। इसके साथ ही इस डाटा को ऑनलाइन भी चढ़ाया जा रहा है।




