विधायक उमेश ने 20 साल पुरानी बदहाली दूर कर क्षेत्र को दी सड़क की सौगात

रुड़की। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश कुमार ने क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए टोडा आर्मी गेट से खटका बाईपास मार्ग का निर्माण कराकर जनता को बड़ी सौगात दी है। पिछले 20 वर्षों से उपेक्षा का शिकार रही इस सड़क के बनने से कई गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है।
विधायक उमेश कुमार के प्रयासों से राज्य योजना के अंतर्गत इस महत्वपूर्ण मार्ग का कायाकल्प किया गया है। यह मार्ग पिछले दो दशकों से बेहद जर्जर स्थिति में था और अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा था। सड़क खराब होने के कारण स्थानीय किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय ग्रामीणों ने कुछ समय पूर्व विधायक उमेश कुमार से इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई थी। विधायक ने राज्य योजना से इसे प्रस्तावित करवाया और 6 महीने में सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर दिखाया। मंगलवार को विधायक उमेश कुमार ने विधिवत रूप से इस मार्ग का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। उद्घाटन समारोह के दौरान जब विधायक उमेश कुमार नगला इमरती चौराहे पहुंचे, तो वहां मौजूद क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। विधायक उमेश कुमार ने कहा कि विधानसभा का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है और इसी तरह क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। कहा कि मेरा सपना विधानसभा को एक आदर्श विधानसभा बनाना है ।




