गीदड़ उठाकर ले जा रहा था हाथ, पहाड़ी में मिला नर कंकाल
रेवाड़ी। जिले के गांव टांकड़ी की पहाड़ी की एक खाई से बावल थाना पुलिस ने नर कंकाल बरामद किया है। पहाड़ी में गीदड़ कंकाल का हाथ उठा कर ले जा रहा था। पहाड़ी में नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभी यह पता नहीं लग पाया है कि नर कंकाल किसका है।
बावल थाना पुलिस ने नर कंकाल सराकरी अस्पताल में रखवाया है और उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस द्वारा कंकाल की फोरेंसिक व डीएनए जांच भी कराई जाएगी। मौके से पुलिस ने एक जींस भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गांव टांकड़ी की पहाड़ी पर आश्रम बना हुआ है। शनिवार की शाम को ग्रामीण पहाड़ी पर बने आश्रम की तरफ में जा रहे थे। रास्ते में ग्रामीणों ने देखा कि एक गीदड़ नर कंकाल का हाथ उठा कर ले जा रहा है। ग्रामीणों ने गीदड़ से हाथ छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस भी पहाड़ी में पहुंच गई।
पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
बावल थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पहाड़ी में देर शाम सर्च अभियान चलाया। सर्च अभियान के दौरान पुलिस को पहाड़ी की एक गहरी खाई में नर कंकाल पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने मौके से एक काले रंग की जींस भी बरामद की है।