उत्तराखण्ड

मां गंगा के जयकारों से गुंजायमान रहा गंगोत्री धाम

उत्तरकाशी।
अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर मंगलवार को मां गंगा के जयकारों के बीच गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाटोद्घाटन के साक्षी बने सीएम पुष्कर सिंह धामी, डीजीपी अशोक कुमार सहित हजारों लोगों ने मंदिर में अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान समूचा गंगोत्री धाम मां गंगा के जयकारों से गुजायमान रहा।
गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि मंगलवार को सुबह छह बजे भैरव घाटी स्थित प्राचीन भैरव मंदिर से मां गंगा की डोली यात्रा गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। गंगोत्री मुख्य द्वार से मंदिर तक आर्मी की 11 वीं बटालियन जैकलाई के पाइप बैंड और पारंपरिक ढोल-दमाऊ एवं रणसिंघे की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं के बीच मां गंगा की डोली यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। तीर्थ पुरोहितों और यात्रा कारोबारियों ने गंगा जी की डोली पर फूलों की बरसात की। डोली यात्रा आठ बजे गंगोत्री धाम पहुंची। इसके बाद यहां गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम, गंगा लहरी, श्रीशुक्त आदि के पाठ के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान किया गया। जिसके बाद 11 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
इस दौरान स्थानीय देवी देवताओं सहित बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी व श्रद्धालुओं ने मंदिर के भीतर जल रही अखंड ज्योति के साक्षी बने। मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही गंगा जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा। हजारों श्रद्धालुओं ने अक्षय तृतीय पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ ही गंगोत्री धाम में दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button