नगर निगम के एक लिपिक से अधिकारी तक परेशान

रुड़की। नगर निगम रुड़की आजकल राजनीति का अड्डा बना हुआ है। यहां कार्यरत एक लिपिक का खौफ इतना है कि पिछले 20 सालों से उसके खिलाफ किसी अधिकारी तक ने ना तो बोला और ना ही गलती पाये जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की। जब किसी अधिकारी ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाई तो उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने फोन कर अधिकारी को ही ट्रांसफर कराने की धमकी दे डाली।
नगर निगम में कार्यरत एक कर्मचारी लिपिक के पद पर तैनात है। सके पास पावर और पैसा दोनों ही ठीक ठाक है। नगर निगम में नियमों को ताक पर रखकर यह कर्मचारी काम करता है। कईयों ने इसकी लिखित में अधिकारियों से शिकायत की। लेकिन कार्रवाई आज तक नहीं हुई। जांच के नाम पर पूर्व में अधिकारियों ने खानापूर्ति की। अब फिर से पिछले कुछ दिनों से यह कर्मचारी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कर्मचारी के कारण नगर निगम का पूरा सिस्टम परेशान हो गया है। इधर, मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि एक लिपिक के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद निश्चित तौर पर रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी की लापरवाही के कारण पिछले कुछ दिनों से पूरा सिस्टम उस व्यवस्था को ठीक करने में जुटा हुआ है।




