
पटना। जन केसरी
राजधानी पटना के नागेश्वर कॉलोनी स्थित होटल ग्रीन फॉरेस्ट में एक बर्थ डे पार्टी में जाम छलक रहा था और बार बालाएं ठुमका लगा रही थी। हाईप्रोफाइल लोगों की इस पार्टी की खबर मिलते ही गुरुवार की रात बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस ने छापेमारी कर दी। मौके से चार बार डांसरों के अलावा आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बार डांसरों में तीन पटना जबकि एक मध्यप्रदेश की रहने वाली है।
नशे में धुत होकर लहरा रहे थे हथियार
पुलिस के अनुसार सारण के मकहा मढ़ौरा का रहने वाला मनु सिंह उर्फ सिद्धांत एक डॉक्टर का बेटा है। उसके पास से लाइसेंसी हथियार मिला है। जिसे पार्टी में लहराया जा रहा था। वहीं मोरंगपुर दुल्हिन बाजार का रहने वाला संदीप सिंह मुखिया प्रत्याशी रह चुका है। रामनगरी रोड आशियाना के हर्ष गौतम की बर्थ-डे पार्टी में सभी इकट्ठा हुये थे। पकड़े जाने के बाद हर्ष खुद को पत्रकार बता रहा था। जबकि उसके परिजनों ने पुलिस से कहा कि वह दवा कंपनी चलाता है। होटल संचालक अविनाश कुमार छापेमारी के दौरान फरार हो गया।
शराब के नशे में मिलीं बार डांसर
पार्टी के दौरान बार डांसरों ने भी शराब पी रखी थी। पुलिस ने जब ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उनकी जांच की तो पता चला कि सभी ने शराब पी रखी है। ये शराब किसके माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी इसकी भी जांच की जा रही है।