उत्तराखण्डराजनीति

भाजपा नेता अक्षय प्रताप सिंह ने उठाया मुद्दा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने लगाई मुहर, अब होगा समाधान

रुड़की, जन केसरी। गंगनहर में आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शासन-प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेट की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिसमें आईआईटी रुड़की, सेना और सिंचाई विभाग के विशेषज्ञों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर विस्तृत खाका तैयार किया।
यह महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह द्वारा गंगनहर की सुरक्षा को लेकर दिए गए सुझावों के बाद बुलाई गई। बैठक में आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञ, सेना के अधिकारी, नगर निगम से मुख्य नगर आयुक्त और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड सिंचाई विभाग के सिविल इंजीनियर शामिल हुए। बैठक में गंगनहर क्षेत्र को दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए कई निर्णय लिया गया। पुलों पर सुरक्षा रस्सियों (हार्नेस) की व्यवस्था की जाएगी, ताकि डूबने जैसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके। पूरे गंगनहर क्षेत्र का विशेषज्ञों द्वारा समग्र सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। घाटों और संवेदनशील स्थानों पर मजबूत रेलिंग लगाई जाएगी, ताकि अनियंत्रित होकर कोई नहर में न गिरे। प्रमुख स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, लाउडस्पीकर और जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जाएगा। आईआईटी रुड़की के सहयोग से छात्रों के बीच एक प्रतियोगिता कराई जाएगी, जिसमें गंगनहर की सुरक्षा के लिए आधुनिक और तकनीकी समाधानों को आमंत्रित किया जाएगा।
प्रशासन के त्वरित निर्णय की सराहना
जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने संयुक्त मजिस्ट्रेट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीकी संस्थानों और विभागों के इस समन्वित प्रयास से भविष्य में अप्रिय घटनाओं को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी समस्या है। इसका शहरवासी स्थाई समाधान चाह रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button