
वन दारोगा आशुतोष की नियुक्ति में फर्जीवाड़े का आरोप, अनुभव प्रमाण पत्र व जन्मतिथि बदलने का दावा
आरटीआई से मिली जानकारी के बाद मामला आया सामने
2002 से दैनिक वेतनभोगी के रूप में काम करने का दर्शाया अनुबंध प्रमाण पत्र
परिषदीय कार्यालय मेरठ ने जन्मतिथि में कूटरचना की बात मानी
जन केसरी, देहरादून । हरिद्वार वन प्रभाग की रुड़की रेंज में तैनात एक वन दारोगा आशुतोष निम की नियुक्ति को लेकर फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप सामने आए हैं। भोगपुर निवासी रजनीश कुमार ने सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के आधार पर आरोप लगाया है कि सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए कथित तौर पर अनुबंध प्रमाण पत्र के साथ जन्मतिथि में भी बदलाव किया गया। शिकायतकर्ता ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
रजनीश कुमार के अनुसार वर्ष 2009 में वन आरक्षियों की भर्ती निकली थी। भर्ती में चार वर्ष का अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य था। आरोप है कि एक युवक ने आवेदन के साथ ऐसा अनुबंध प्रमाण पत्र लगाया था, जिसमें उन्हें वर्ष 2002 से दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत दर्शाया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस प्रमाण पत्र की सत्यता की जांच जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2009 की भर्ती के समय युवक की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष थी तो वर्ष 2002 से उनके दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य करने का दावा कैसे सही हो सकता है। मामले में जन्मतिथि को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार परिषदीय अभिलेखों में युवक की जन्मतिथि 11 सितंबर 1990 दर्ज है, जबकि बाद में विभाग में लगाए गए अंकपत्र में जन्मतिथि 11 सितंबर 1983 दर्शाई गई। यानी दोनों अभिलेखों में जन्मतिथि का अंतर सात वर्ष का है। रजनीश कुमार के मुताबिक परिषदीय कार्यालय मेरठ ने भी इस मामले में अभिलेखों के आधार पर टिप्पणी की है। कार्यालय की ओर से माना गया है कि युवक ने अपने निजी हित और सेवायोजन का लाभ लेने के उद्देश्य से अपने स्तर पर जन्मतिथि में परिवर्तन करते हुए अभिलेख तैयार किया, जो कूटरचित है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जन्मतिथि में बदलाव और अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति हासिल करने के पूरे मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से नियुक्ति के समय लगाए गए अनुबंध पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उस समय नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार संबंधी अनुभव प्रमाण पत्र भी युवक के मामा द्वारा ही जारी किए गए थे। आरोप है कि विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद भी इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इधर, डीएफओ स्वप्निल अनुरुद्ध ने कहा की यह मामला लैंसडाउन का है। क्योंकि भर्ती भी लेसडाउन कार्यालय स्तर पर निकाली गई थी। इस मामले की जांच भी वहीं के अधिकारी करेंगे।

