उत्तराखण्डमनोरंजन

तीज उत्सव में बिखरी खुशियां, महिलाओं ने जमकर किया मनोरंजन

रुड़की, जन केसरी । शहर के एक होटल में रविवार देर शाम को महिलाओं ने मिलकर तीज उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी से कुछ समय निकालकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और उत्सव का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत तीज के पारंपरिक माहौल के बीच आपसी मेलजोल और मनोरंजक गतिविधियों से हुई।

इस दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार के गेम्स आयोजित किए गए। डांस, तंबोला और चेयर रनिंग जैसी प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। संगीत की धुनों पर महिलाओं ने जमकर डांस किया और अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। वहीं तंबोला और चेयर रनिंग में प्रतिभागियों के बीच खूब उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान हंसी-मजाक और मनोरंजन का दौर भी चलता रहा।आयोजिकाओं ने कहा कि तीज केवल एक पारंपरिक पर्व ही नहीं, बल्कि महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और खुशियां बांटने का अवसर भी देता है। ऐसे आयोजन रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच महिलाओं को कुछ पल अपने लिए जीने का मौका देते हैं। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि तीज उत्सव ने उन्हें आपसी मेलजोल, मनोरंजन और खुशियों से भरपूर यादगार पल दिए। सभी ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन करने की इच्छा जताई।

इस दौरान आंचल सिंह, पायल सिंह, रेनू सिंह, चंचल, गीता, रूबी, आंचल, टीना, सविता, रेनू, हीना, निर्मला, अरुणा, अंजू आदि मौजूद रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button