
रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन के नए अध्यक्ष बने अक्षय प्रताप सिंह
रुड़की, जन केसरी । रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन का अधिष्ठापन (इंस्टॉलेशन) समारोह रविवार को राजवाड़ा फार्म्स में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने क्लब के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम की थीम सूर्योदय रही, जो नए नेतृत्व, नई सोच और समाज सेवा के नए संकल्प का प्रतीक बनी।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अजय कुमार सिंह तथा चार्टर ऑनरेरी सदस्य न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) भ्रम सिंह वर्मा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए रोटरी द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में नई कार्यकारिणी का भी विधिवत अधिष्ठापन किया गया। अर्पित अग्रवाल ने सचिव तथा विवेक गुप्ता ने कोषाध्यक्ष का पदभार संभाला। इस अवसर पर अक्षय प्रताप सिंह के पिता वाईपी सिंह, मां बिना सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह, भाजपा नेता शोभाराम प्रजापति, अभिषेक चंद्रा के साथ ही रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के पदाधिकारी, विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




