
पूर्व सैनिक निकला करोड़ों की हेरोइन का तस्कर, रुड़की में 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार
देहरादून, जन केसरी । हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में पंजाब के तरणतारण जिले का रहने वाला एक पूर्व सैनिक गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को गंगनहर कोतवाली पुलिस इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में लाठरदेवा अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के लिए लाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस तस्कर से हेरोइन खरीदकर लाया और यहां किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था। पुलिस स्थानीय नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य तस्करों की भी तलाश कर रही है।
गंगनहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा खरीदने, बेचने और इसकी तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना है।




