उत्तराखण्डक्राइम

देहरादून में 18 साल बाद कुछ इस तरह से हुआ एनकाउंटर, देखें वीडियो

जन केसरी, देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात लूट की वारदात ने पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का रूप ले लिया। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में हुई इस घटना में एक ओर जहां पीड़ित युवक को गोली मारकर लूटपाट की गई, वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को मार गिराया। इस दौरान थाना प्रभारी भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों के माने तो 2009 में इस तरह का एनकाउंटर हुआ था उसके बाद आज तक नहीं हुआ था… अब जाकर फिर इंस्पेक्टर नरेश राठौर के नेतृत्व में उस तरह से एनकाउंटर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की वारदात को अंजाम देते हुए उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल युवक ने अपना नाम देवराज बताया और बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक उपचार दिलाकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लग गई, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।

अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी को पहले प्रेमनगर अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जनपद में अलर्ट जारी करते हुए नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बॉर्डर इलाकों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फरार बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button