
प्रेम प्रसंग में पिता की हत्या, बहादराबाद पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
जन केसरी, बहादराबाद। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग के चलते सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों पंकज कुमार और छोटेलाल को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को प्रियांशु पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम रानानगला, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर ने अपने पिता की हत्या की तहरीर दी थी। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को जिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया, जहां उसकी पहचान राजवीर सिंह के रूप में हुई।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने मृतक के साथ अंतिम समय में मौजूद लोगों की पहचान कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच करते हुए पुलिस ने कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के बाहर एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
मुख्य आरोपी पंकज ने बताया कि उसका मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। इसके लिए वह उसका तलाक करवाना चाहता था, लेकिन राजवीर इसका विरोध कर रहा था। इसी कारण पंकज ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर राजवीर की हत्या की योजना बनाई।
26 अप्रैल की शाम दोनों आरोपियों ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बौंगला अंडरपास के पास पॉपलर के खेत में ले जाकर उसके सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पंकज को मौके से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर नहर पटरी मार्ग से छोटेलाल को भी दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक दोनों सिडकुल क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में कार्यरत थे और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




