10वीं गढ़वाल राइफल्स के पूर्व सैनिकों ने धूमधाम से स्थापना दिवस

देहरादून। जन केसरी
दसवीं गढ़वाल राइफल्स के पूर्व सैनिकों ने बटालियन का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। पूर्व सैनिकों ने बटालियन में बिताए पलों को एक- दूसरे के साथ साझा किया। इस दौरान वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस का आयोजन रविवार को कारगी चौक स्थित एक प्लाजा में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि कर्नल सुदर्शन चौधरी ने वीर गबर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों को बटालियन के स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक यहां एकत्रित हुए हैं। जो सराहनीय है। कर्नल गोविंद पंत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के समारोह से पूर्व सैनिकों में आपसी भाईचारा बना रहता है। अध्यक्ष कैप्टन गणेश जोशी ने बटालियन के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम बटालियन ने ही स्थापना दिवस मनाने की शुरुआत की थी। इसके बाद ही अन्य रेजीमेंट और बटालियन भी स्थापना दिवस मनाते हैं। इस दौरान विभिन्न गढ़वाली और कुमाऊंनी गीतों पर पूर्व सैनिकों और उनके परिजन जमकर झूमें। इस दौरान पूर्व कमान अधिकारी ले. जनरल दिनेश राणा, कैप्टेन महेंद्र सिंह, तोता राम, कैप्टेन बीरेंद्र सिंह रावत, नारायण दत्ता, किशोर कुमार, लक्ष्मी, बचे सिं,ह राजेंद्र सिंह,मदन सिंह, नरेंद्र रतूड़ी आदि मौजूद रहे।