सूबेदार के एकलौते बेटे ने की आत्महत्या

देहरादून। 17 वर्षीय एक छात्र ने देर रात अपने घर के स्टडी रूम में पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की जानकारी मिलते ही परिजन आनन फानन में उसे दून अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या की वजह पता का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में बच्चे ने आई लव यू मम्मी-पापा सॉरी लिखा हुआ है।
रायपुर थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तपोवन रोड फ्रेंड्स कॉलोनी लेन नंबर 6 में एक बच्चे ने अपने घर में फांसी लगा ली है। पुलिस घटना स्थल पहुंची तो पता चला कि परिजन उसे दून अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से इस संबंध में पूछताछ की। जहां परिजनों ने मृतक का नाम बरवीण (17)पुत्र अशोक ठाकुर बताया। उन्होंने बताया कि वे घर का एकलौता बेटा था। डालनवाला के एक निजी स्कूल में 12वीं का छात्र था। पिता आर्मी में सूबेदार हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरवीण रात के समय अपने घर के स्टडी रूम में पढ़ाई कर रहा था। जबकि परिजन नीचे वाले फ्लोर में थे। साढ़े दस बजे तक बरवीण पढ़ाई करने के बाद जब नीचे सोने के लिए नहीं आया तो उसकी मां स्टडी रूम में उसे देखने के लिए गई। इस दौरान कमरा अंदर से बंद मिला। मां ने खिड़की से देखा तो उनके होश उड़ गए। बेटा पंखे के फंदे पर झूल रहा था। मां के रोने व चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य परिजन स्टडी रूम तक पहुंचे और दरवाजा खोलते हुए आनन फानन में अस्पताल ले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चे ने आत्महत्या क्यों की है इसके बारे में परिजनों से जानने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया अभीतक किसी प्रकार की विवाद सामने नहीं आया है।