राष्ट्रीय

दिल्ली में टूटा छह साल का रिकार्ड

नई दिल्ली। देशभर में गर्मी की मार कम होने का नाम नहीं ले रही है। देश के कई हिस्सों में सूरज ने अपने तेवर और तीखे कर दिए। राजस्थान के चुरु में और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं मध्यप्रदेश के दतिया और मुरैना में भी पारा 46 डिग्री तक पहुंचा। इसके अलावा पंजाब-हरियाणा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश भी गर्मी की मार से झुलस रहे हैं। देश के मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी राज्य भी गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं।

बांदा में बरसी आग, पारा 47 डिग्री के पार

उत्तर प्रदेश में रविवार को बांदा का पारा 47.2 और फतेहपुर का 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इलाहाबाद 45.7, उरई 45.5, हमीरपुर 44.6 व आगरा 44.4 डिग्री सेल्यिस के साथ झुलसा। बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर तथा महोबा का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। कानपुर में लू से दो लोगों की मौत हो गई। कानपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, इटावा का अधिकतम तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जौनपुर, गाजीपुर, भदोही, सोनभद्र और मीरजापुर में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस रहा। आगरा में तापमान अधिकतम 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान में भीषण गर्मी
राजस्थान में गर्मी के तेवर रविवार को तीखे रहे। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहा। चुरू जिले में तापमान 47 डिग्री पास कर गया। वहीं जैसलमेर का तापमान 46.5 डिग्री, जयपुर में 44.5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, कोटा में 45.5 डिग्री, उदयपुर में तापमान 42 डिग्री रहा।

दिल्ली में सात मई का दिन सबसे गर्म रहा

दिल्ली में गर्मी ने रविवार को छह साल का रिकार्ड तोड़ दिया। पिछले सात वर्षो में सात मई का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा रिकार्ड किया गया। अभी अगले दो दिन इससे राहत के आसार भी नहीं हैं। रविवार को पालम में अधिकतम तापमान 45.1 जबकि न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

भिवानी में तापमान 45 डिग्री पहुंचा

हरियाणा के भिवानी जिले में रविवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में रात का भी तापमान बढ़कर 30 डिग्री पर पहुंच गया है।

मध्य प्रदेश में 46 डिग्री पहुंचा पारा

मध्य प्रदेश के दतिया और मुरैना में तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग की मानें तो इन दिनों थार के रेगिस्तान से उठ रही पश्चिमी हवाओं के कारण अंचल में गर्मी के तेवर तीखे हो चले हैं।

बिहार में गया सबसे गर्म

रविवार को बिहार में गया सबसे गर्म रहा। गया का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

देहरादून में सीजन का सबसे गर्म दिन

उत्तराखंड में हाल में हुई बारिश-बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ सुकून है तो मैदानी इलाके गर्मी से बिलबिला उठे हैं। देहरादून में तो तापमान 38.7 डिग्री पहंुचने के साथ ही रविवार इस सीजन में अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।

हिमाचल में फिर से सताने लगी गर्मी

हिमाचल प्रदेश में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश का अधिकतम तापमान पांवटा व ऊना में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जम्मू में तापमान 39 डिग्री पहुंचा

जम्मू-कश्मीर में लोग तेज धूप और गर्म लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हैं। जम्मू संभाग में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button