क्राइम

महिला के साथ दुर्व्यहार के मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर

नई दिल्ली । विवेक विहार के कस्तूरबा नगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात के संबंध में दिल्ली पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पुलिस पर उदासीनता बरतने का आरोप है। पीडि़ता की छोटी बहन ने आरोप लगाया है कि इस वारदात से पहले उसके साथ आरोपितों ने मारपीट की थी। मामले की शिकायत लेकर गत 20 जनवरी को वह विवेक विहार थाने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने औपचारिकताओं के जंजाल बताकर उसे लौटा दिया था।

लड़की का कहना है कि शिकायत में आरोपितों की हर मंशा को स्पष्ट शब्दों में लिखकर दिया था। पुलिस ने अगर उनकी शिकायत पर कार्रवाई कर दी होती तो शायद बाद में उसकी बहन के साथ यह सब नहीं होता।पीडि़ता की छोटी बहन ने बताया कि वह अपने पिता के साथ घर पर रहती है। पिता लकवाग्रस्त हैं। वह ही पिता की देखभाल करने के साथ घर चलाती है। उन्होंने बताया कि आरोपित उन्हें भी लंबे वक्त से परेशान कर रहे थे। वह घर के बाहर सामान लेने जाती तो आरोपित उनके कपड़े तक फाड़ देते थे।

आरोपित लड़के छत के रास्ते घर में आकर दुष्कर्म करने की धमकी देते थे। आरोपित महिलाएं कभी भी उनके साथ मारपीट करने लगती थीं। लड़की ने बताया कि गत 19 जनवरी को आरोपित महिलाओं ने उसको बेरहमी से पीटा था। इसके अगले दिन वह 20 जनवरी को शिकायत पत्र लेकर विवेक विहार थाने पहुंची थीं। जहां से उन्हें औपचारिकताएं बताकर लौटा दिया गया। थाने के पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा था कि पहले अपना पहचान पत्र लेकर आओ। इस शिकायत पत्र में पीडि़ता की बहन ने अपने साथ हुई आपबीती के अलावा यहां तक जिक्र किया था कि आरोपित उनके घर में रिश्तेदारों को नहीं आने देते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button