पहले पति ने भगाया, दूसरी शादी प्रेमी के कहने पर तोड़ी, अब सिंदूरदान के बाद तीसरा हो गया फरार

बेलदौर (खगड़िया): बिहार के खगड़िया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की एक नहीं तीन बार शादियां हुई हैं। इसके बाद भी उसका घर नहीं बस सका है। न्याय की गुहार लगाती महिला को तीसरा पति सिंदूरदान के बाद छोड़कर फरार हो गया है। इस बात की जानकारी जिस किसी को हो रही है, वो एक बार सोचने को मजबूर हो जा रहा है।
मामले में एक शादीशुदा महिला से शादी रचाने बाद उसे विदा कर अपने दरवाजे पर लाया। उसके बाद पति संजीव कुमार महिला को छोड़कर फरार हो गया है। पीड़िता के मुताबिक पनसलवा गांव के संजीव कुमार से उसका प्रेम प्रसंग 2019 से ही चल रहा है लेकिन 2020 में स्वजनों ने उसकी शादी सहरसा जिले के सुगमा गांव में कर दी। इसके बाद ससुराल वालों और पहले पति ने उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद घरवालों ने 2021 में दूसरी शादी मधेपुरा जिले के घोसई में कर दी लेकिन आरोपित प्रेमी संजीव के कहने बाद महिला ने दूसरे पति को छोड़ दिया।
पीड़िता के मुताबिक, सात मार्च 2022 को आरोपित तीसरे पति संजीव कुमार ने सिंदूरदान कर अपने दरवाजे पर लाया और बहाने बनाकर फरार हो गया। पीड़ित महिला के मुताबिक जब-तक उसे पत्नी का दर्जा नहीं मिल जाएगा, तब तक वह संजीव के दरवाजे पर बैठी रहेगी। वह तीन महीने की गर्भवती भी है। वहीं संजीव के स्वजनों के अनुसार महिला की गर्भ में पल रहे बच्चे की डीएनए जांच बाद ही उसे अपनी बहू के रूप में स्वीकार करेंगे। इधर बेलदौर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने बाद मामले की छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।