
घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
दिल्ली, जन केसरी। देशभर में बिहार समिति की ओर से कई राज्यों में छठ महापर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बिहार मूल के लोगों के साथ ही स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। छठ पूजा को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छठी मैया के गीतों के बीच पर्व की तैयारियां पूरी कीं।
शाम को श्रद्धालु पूजा सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर नदी, तालाबों और नहरों के घाटों पर पहुंचे। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की। घाटों पर छठी मैया के गीत गूंजते रहे। जगह-जगह आकर्षक सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई थी।
बिहार समिति के सदस्यों ने पूजा व्यवस्था में सहयोग किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस दौरान बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। छठ महापर्व के माध्यम से विभिन्न राज्यों में रह रहे बिहार मूल के लोगों ने अपनी लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।




