
लघु उद्योग भारती ने भगवानपुर एवं रुड़की ग्रामीण इकाई का किया गठन, नए पदाधिकारियों की घोषणा
प्रवीण गर्ग बने जिलाध्यक्ष, अभिषेक गुप्ता को जिला संयोजक की जिम्मेदारी
देहरादून, जन केसरी। लघु उद्योग भारती उत्तराखंड ने संगठन विस्तार के तहत भगवानपुर एवं रुड़की ग्रामीण की नई जिला इकाई का गठन करते हुए पदाधिकारियों की घोषणा की है। प्रदेश प्रभारी कैलाश मैलाना ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह तोमर की उपस्थिति में देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी के दायित्वों की घोषणा की। यह घोषणा पिछले सप्ताह रुड़की में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में लिए गए निर्णय के अनुरूप की गई।
नई कार्यकारिणी में प्रवीण गर्ग को जिलाध्यक्ष, अभिषेक गुप्ता को जिला संयोजक, पीयूष मंधार को जिला महामंत्री तथा विकास भार्गव को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर प्रदेश नेतृत्व ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन की “उद्योगहित-राष्ट्रहित” की विचारधारा को आत्मसात करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती उत्तराखंड के कार्यकारिणी सदस्य राहुल देव दंड ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उद्योग जगत के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं रुड़की नगर इकाई के जिलाध्यक्ष केतन भारद्वाज, जिला महामंत्री वीरेंद्र शुक्ल तथा हरिद्वार ग्रामीण के जिला महामंत्री अशोक शुक्ल ने भी नई टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी एकजुट होकर संगठन की विचारधारा को अधिक से अधिक उद्यमियों तक पहुंचाएंगे तथा उद्योगों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।



