उत्तराखण्डक्राइम

भाईचारे पर चली गोली: पुराने पारिवारिक विवाद ने बाजूहेड़ी को दहला दिया

जन केसरी, रुड़की। भगवानपुर क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि रिश्तों की डोर खून से लाल हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान के पति ने अपने ही बड़े भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली गर्दन और कंधे के बीच लगने से बड़े भाई राजू (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात राजू अपने छोटे भाई के पास विवाद सुलझाने और बातचीत करने गए थे, लेकिन बातचीत जल्द ही कहासुनी में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली लगते ही राजू जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरातफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। भगवानपुर कोतवाली प्रभारी ऋतेश शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को रुड़की के निजी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घायल राजू की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि पारिवारिक विवाद, जो बातचीत से सुलझ सकते हैं, वे हथियार उठने पर कितनी बड़ी त्रासदी में बदल जाते हैं। बाजूहेड़ी गांव में फिलहाल दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button